साए फैल गए खेतों पर - अब्दुल हमीद

अब्दुल हमीदअब्दुल हमीद

3 min read · 12.4K reads

साए फैल गए खेतों पर कैसा मौसम होने लगा
दिल में जो ठहराव था इक दम दरहम बरहम होने लगा

परदेसी का वापस आना झूटी ख़बर ही निकली ना
बूढ़ी माँ की आँख का तारा फिर से मद्धम होने लगा

बचपन याद के रंग-महल में कैसे कैसे फूल खिले
ढोल बजे और आँसू टपके कहीं मोहर्रम होने लगा

ढोर डंगर और पंख पखेरू हज़रत-ए-इंसाँ काठ कबाड़
इक सैलाब में बहते बहते सब का संगम होने लगा

सब से यक़ीन उठाया हम ने दोस्त पड़ोसी दिन तारीख़
ईद-मिलन को घर से निकले शोर-ए-मातम होने लगा.
अब्दुल हमीद
About the poet

अब्दुल हमीद

View profile & all 13 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like