है इश्क़ तो फिर असर भी होगा - शहबाज़

अब्दुल ग़फ़ूर शहबाज़अब्दुल ग़फ़ूर शहबाज़

4 min read · 12.4K reads

 है इश्क़ तो फिर असर भी होगा
 जितना है इधर उधर भी होगा

 माना ये के दिल है उस का पत्थर
 पत्थर में निहाँ शरर भी होगा

 हँसने दे उसे लहद पे मेरी
 इक दिन वही नौहा-गर भी होगा

 नाला मेरा गर कोई शजर है
 इक रोज़ ये बार-वर भी होगा

 नादाँ न समझ जहान को घर
 इस घर से कभी सफ़र भी होगा

 मिट्टी का ही घर न होगा बर्बाद
 मिट्टी तेरे तन का घर भी होगा

 ज़ुल्फ़ों से जो उस की छाएगी रात
 चेहरे से अयाँ क़मर भी होगा

 गाली से न डर जो दें वो बोसा
 है नफ़ा जहाँ ज़रर भी होगा

 रखता है जो पाँव रख समझ कर
 इस राह में नज़्र सर भी होगा

 उस बज़्म की आरज़ू है बे-कार
 हम सूँ का वहाँ गुज़र भी होगा

 शहबाज़ में ऐब ही नहीं कुल
 एक आध कोई हुनर भी होगा
अब्दुल ग़फ़ूर शहबाज़
About the poet

अब्दुल ग़फ़ूर शहबाज़

View profile & all 5 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like