सचाई

अब्दुल बिस्मिल्लाहअब्दुल बिस्मिल्लाह5 Jul 1949

1 min read · 12.4K reads

कितना बढ़िया मज़ाक़ है

किसी लोकतंत्र में जीवित रहना

और एक ही गीत को

भिन्न-भिन्न तालों पर सुनना

वाक़ई

अफ़वाहें कभी-कभी

अपने देश की तरह लगती हैं

और सच

उस जूते की तरह

जो मरियल कुत्तों के दाँतों से

जूझ रहा हो

जिस्म

अख़बार की तरह

जिसमें चाक़ू भोंकने पर

ख़ून बहने का झंझट नहीं

इस प्रकार हत्या

कितनी ख़ुशगवार लगती है

और शासन भी

क्योंकि वह

शब्दों के प्रहार से

परे है

शब्द

जो खिलौने हो गए हैं

प्लास्टिक के साँपों की तरह

लोग

इस सचाई से वाक़िफ़ हैं।

अब्दुल बिस्मिल्लाह
About the poet

अब्दुल बिस्मिल्लाह

समादृत कथाकार। समय-समय पर काव्य-लेखन भी। मूल नाम : अब्दुल बिस्मिल्लाह जन्म : 05/07/1949 | इलाहाबाद, उत्तर प्रदेश

View profile & all 7 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like