आवाज़

योगेंद्र गौतमयोगेंद्र गौतम

1 min read · 12.4K reads

देह में बची तमाम ताक़त बटोरकर

मैंने आवाज़ लगाई,

जो तुम तक न पहुँचकर

हर बार की तरह

पृथ्वी और आकाश के बीच कड़कती रही—

शून्य में बिजलियों-सी...

मैं चीन्हता रहा उन आवाज़ों की परछाइयाँ

ढोते हुए अपनी अवश देह का भार,

गुज़रा उन तमाम जगहों से

जहाँ तुम्हारी अनुपस्थितियाँ छूटी हुई थीं।

पर आह,

तुम्हारी उपस्थिति ढूँढ़ता, अपनी विवशता को

मैं इस बार भी कोई नाम न दे पाया!

योगेंद्र गौतम
About the poet

योगेंद्र गौतम

नई पीढ़ी कवि-लेखक और अनुवादक।

View profile & all 25 Poems / Stories