खिड़की की धूप सीधे मेरे टेबल तक आती है
जिसकी बौछारों में
किताब की अख़बारी जिल्द
मटमैली हो रही है
उस पर अभी भी जो मुद्दा छपा दबा है
ग़ौर करने से दिख सकता है
समय के परे
जो बस बहे जा रहा है
आँखें वृत्त से चौकोर हो गईं
शब्दों की भीड़ से निकल
एक भीड़
सब कुछ लूटती निकल गई
तभी जिल्द से उछलकर
समाज पर कसी एक फ़ब्ती
मेरे हाथ आ गई
यह वही पुरानी ख़बर है
कि कल फिर कोई बस में
अकेले सफ़र पर थी
निर्गुण लोक में ज़्यादातर लोग
उपवास में रहते हैं
या नहीं तो अज्ञातवास में
शाश्वत यही है
कि जो संख्या में सबसे कम हैं
वही सबसे ताक़तवर हैं।








