ऊँघते शहर में
गाँव के सपने
अक्सर उड़ जाते हैं
रह जातीं हैं सिर्फ़ बैरन आँखें
दूर से न दिखने वाला शहर
अस्ल में विरह की अधूरी कहानी है
नयनों से निकले मेघदूत वहाँ पहुँच नहीं पाते
गाँव के सीमांत तक जाते-जाते बरस पड़ते हैं
मन के ग़ुब्बारे उड़ते हैं
अंतस की ज़मीन डोर पकड़े ताकती है
देखते-देखते ग़ुब्बारे गुम हो जाते हैं
हाथ में टूटी हुई डोर रह जाती है
नगर की तलाश है सबको
पर गाँव बार-बार
कंधे पर हाथ रख देता है
और हम थोड़ा उसकी ओर हो लेते हैं
वर्तमान की सुध नहीं
इतिहास याद नहीं
भविष्य देख नहीं सकते
और समय है कि
क्षण-क्षण करके रीतता जा रहा है
खंडहरों पर बने मकान
अपनी कहानी नहीं कह पाते
जबकि समय न राजनीतिक है, न धार्मिक
वह अपनी ही कहानी कहता जा रहा है
कहानियों में आपबीती ढूँढ़ते-ढूँढ़ते
हम जगबीती के रास्ते निकल जाते हैं
और बन जाते हैं एक अधूरा बना मकान
जिसमें न रहा जाता है, न ही बेचा।








