किन्नर

यतीश कुमारयतीश कुमार21 Aug 1976

1 min read · 12.4K reads

साथ नहीं खा सकता भात

पर चावल के दाने

तुम पर ही फेंकता हूँ

नौ महीने के अविरल प्रेम का

मैं भी पैग़ाम था

ओलनाल कटने तक

मैं भी इंसान था

अब मैं इंसानों की श्रेणी से इतर

इंसानों को ही आशीषें बाँटता त्रिशंकु हूँ

सर्पमुखों के बीच सोता

अश्वमुखों का वंशज मंगलमुखी हूँ

ब्रह्मा की छाया से निकल

नीलकंठ के विष में घुल गया हूँ मैं

सुख मेरी दहलीज़ में

दाख़िल न हो सका

पर मैं तुम्हारे हर सुख में शामिल रहा

मौत मुक्ति है

और

मातम से है मुझे परहेज़

न तो कोई गाँव

न तो कोई शहर

मेरा समूह ही मेरा देश

किन्नौर से संसद का सफ़र

त्रेतायुग से कलयुग का था

समानता का हक़ मिलने पर भी

अवहेलना की नसें जुड़ी रह गईं

और अब भी मैं

समाज की बजाई हुई ताली में

एक चीख़ मात्र हूँ।

यतीश कुमार
About the poet

यतीश कुमार

सुपरिचित कवि-लेखक। कविताओं की दो पुस्तकें 'अन्तस की खुरचन' और 'आविर्भाव' शीर्षक से प्रकाशित । मूल नाम : यतीश कुमार जन्म : 21/08/1976 | मुंगेर, बिहार 21 अगस्त 1976 को मुंगेर (बिहार) में जन्मे यतीश कुमार ने कविता और कहानी के साथ-साथ चर्चित उपन्यासों, कहानियों व…

View profile & all 36 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like