समय की धार पर खड़ा
बेआवाज़ वक़्त
गालों पर नमक का अक्स लिए
गुज़रे लम्हों का अवशेष है
प्रतीक्षा कुम्हला जाती है
और फड़फड़ाती चिंदियाँ
रोशनदान से बाहर झाँकती रहती हैं
मद्धम रोशनी में
इंतज़ार इतना बोझिल है
कि झुके आधे कटे चाँद को
पलकों से बाँधे रखता है
मुझे बाईं करवट सोना पसंद है
और उसे दाईं
हमारे बीच बहती है
गुम हो चुकी नदी रात भर
नींद के हाशिए पर
चहलक़दमी करते-करते
रात तो गुज़र जाती है
बस हमारी सुबह नहीं आती
और स्वप्न का छिलका
एक उतरन बन
उँगलियों में फँसा रह जाता है








