आस्था की स्थापित मूर्तियों को
खेल-खेल में कितनी सरलता से
तोड़ता है शिशु
और उतनी ही तरलता से फैल जाता हूँ मैं
टुकड़ों में विसर्जित हूँ
संबंधों के बीच
ढीले सितार की ढलती धुन में
बाँसुरी के सातवें छिद्र में
बेसाख़्ता चीख़ता है
अँधेरा भी
उजाला भी
फूलदान और पीकदान का फ़र्क़
मिट रहा है
पंचर हो चुका टायर
ज़िंदगी की साइकिल कसते हुए
किसी भी समय
आँख के सामने पीठ करके
ख़ंजर उतार सकता है
हड़ताल और हथियार
हमशक्ल बन रहे हैं
उपराम ज़िंदगी में
तिरस्कार लेने या देने की जगह तक
शेष नहीं








