अधजली कविता

यतीश कुमारयतीश कुमार21 Aug 1976

1 min read · 12.4K reads

एक ही कोना है

पूरे घर में

जहाँ ख़ामोशी

अँधेरे से लिपटी

पड़ी रहती है

साथ टहककर

कोने में

अपनी देह लुढ़का देता हूँ

कोई रोशनदान नहीं

कोई सुराख़ भी नहीं

हरेक कश पर चमकती

सिर्फ़ जलती सिगरेट की चिंगारी

बेफ़िक्री के गोल छल्ले

धूसर बादल की तरह

रात भर मँडराते, कहीं नहीं जाते

दीवारों पर दर्द के स्याह पन्ने गढ़ते

नीम बेहोशी को पीते-पीते

पूरी तरह बादलों से जब ढक जाते

तब रह जाती कमरे के कोने में

सिर्फ़ दो चीज़ें

बुझी हुई तीलियाँ

और अधजली कविता

यतीश कुमार
About the poet

यतीश कुमार

सुपरिचित कवि-लेखक। कविताओं की दो पुस्तकें 'अन्तस की खुरचन' और 'आविर्भाव' शीर्षक से प्रकाशित । मूल नाम : यतीश कुमार जन्म : 21/08/1976 | मुंगेर, बिहार 21 अगस्त 1976 को मुंगेर (बिहार) में जन्मे यतीश कुमार ने कविता और कहानी के साथ-साथ चर्चित उपन्यासों, कहानियों व…

View profile & all 36 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like