चमकते फूलों के छतनार पेड़ के पीछे से पूर्णिमा का पूरा गोल चाँद झाँकता है। अपनी सलोनी आभा में फैली हुई रात की नदी में फूलों, पंखुरियों, रंगों और तितलियों के अक्स झिलमिलाते हैं। एक स्त्री यौवन के भार से झुकी हुई महल के परकोटे में झरोखे के बाहर कुछ ऐसे देखती है, जैसे आधी देह पानी में और आधा रूप चंद्रमा के दर्पण में चमकता है। नदी के पास कृष्णमृग भी हैं, जो पानी कम पीते हैं, कुलाँचे अधिक भरते हैं। पूरे दृश्य में कुछ अन्य स्त्रियाँ भी हैं, जो सतरंगे परिधानों में उसी नायिका को विस्मय से ताकती हैं, जो चंद्रमा को देखते हुए पानी की परछाइयों में उभरती है। दूर बैठा कोई गवैया शायद मेघ या मल्हार की किसी मोहक बंदिश के सुर में डूबा है। यह सब एक ख़ास दृश्य में घटता है। यह सब होने के लिए एक दृश्य बुना जाता है। यह सब हो रहा है, इसलिए एक दृश्य पर इस तरह भी हम रुकते हैं। उसी क्षण विभोर होकर हम उसी दृश्य में ताकते हैं कि कैसे चमकते हुए फूलों के छतनार पेड़ पर चाँदनी के मोरपंख गिरते हैं।








