मसख़रे

यतींद्र मिश्रयतींद्र मिश्र12 Sept 1977

1 min read · 12.4K reads

एक व्यंग्य उठता है किसी कोने से

और भीड़ में मौजूद सबसे थके चेहरे पर

आँसू की शक्ल में ढुलक जाता है

हा-हा, ही-ही, हो-हो का ध्वनि-विस्तार

न भीतर रच पाता कोई संसार

न बाहर की दुनिया में ही दर्ज हो पाता है

मेरे तमाम परिचित मित्र, हितैषी

कवि, पत्रकार, नेता और रिश्तेदार

अक्सर उस रूप में नहीं मिलते

जिनमें वास्तव में वे होते हैं

मिलता हूँ आपसे मैं भी वैसे ही

जैसे आप पूरी तरह आश्वस्त होते हैं

इसी भीड़ में रहते हुए भीड़ से अलग

हर एक रोता है अपने-अपने ढंग से

जिस पर दूसरे अपने अनूठे तरीक़ों से हँसते हैं

बच्चे की ख़ुशी की तरह खिले हुए इस जहान में

हम उतने ही मसख़रे हैं

जितनी छूट दूसरा हम पर हँसने के लिए लेता

दूसरे उतने ही

जितना हम या कोई और बेवजह उस पर हँसता।

यतींद्र मिश्र
About the poet

यतींद्र मिश्र

सुपरिचित कवि-लेखक और संपादक। भारतभूषण अग्रवाल पुरस्कार से सम्मानित।

View profile & all 25 Poems / Stories