कबीर के घर का किवाड़ खटखटाओ
तो बरबस हिलता है
रहीम के दरवाजे का ताला
ख़ुसरो की कुंडी-साँकल भी
जतन से वैसे ही हिलाओ
जैसे धूप से भरे आँगन-चौगान
हौले से छूकर खोले जाते हैं
कभी रैदास, पलटू और दरिया के यहाँ
जाकर भी देख आना चाहिए
उनके किवाड़ों का तिलिस्म
जिनमें घर के बाहर बिखरे संसार को
अपना दुआर बना लेने का नुस्ख़ा टँका है
नानक और पीपा और रज्जब और बुल्ले शाह
के घरों की खिड़कियों से आने वाली बयार को जो ताला बाँधता हो
उसकी चाबी फेंक आनी चाहिए
उस असूर्यम्पश्य प्रदेश में
जहाँ से लौटना असंभव न सही
मुश्किल ज़रूर हो
ऐसे बहुत सारे ताले, कुंडी-साँकल
और चिटकनी को छूने से
गर खुलता हो रोशनी का दरवाज़ा
तो किवाड़ खटखटाना
सभ्यता के झरोखों को हिलाने जैसा होता है....








