मुझे ही सरपट दौड़ना है बार-बार
हर दंतकथा और इतिहास में
कहता ख़रगोश साथ में खड़े कछुए से
कछुआ जो पृथ्वी के आख़िरी छोर पर
दम साधे पीछे है खड़ा
कभी भी नहीं करता कोई प्रतिवाद
समय से आगे चलने वाले ख़रगोश से
दोनों की ऐतिहासिक दौड़ होती है
जितनी बार किसी भी युग में
हर बार एक नया ढंग मिलता है
हार और जीत के विमर्श को
कछुए की शक्ल में धीरज घिसटता दिखता है
हमेशा पीछे की ओर
गर्व और चंचलता फुदकती रहती सदैव
आगे जाने को व्यग्र तत्पर
फिर भी बचा रहता है जब तक
हमारे संयम के खाते में
मनुष्यता का पाठ
कहाँ ठहर पाता है ख़रगोश
धैर्य के असंभव रास्ते में
कछुए के आगे।








