शजर हूँ धूप की ज़द पर किसी का साएबाँ हूँ
किसी भी वक़्त मिट सकता है जो ऐसा निशाँ हूँ
मिरे अतराफ़ जितनी भी हैं मंफ़ी क़ुव्वतें हैं
किसी की ज़िद के और अपनी अना के दरमियाँ हूँ
मैं जज़्बे की चमकती लौ से रौशन हो गई थी
और अब उस जज़्बा-ए-बे-ख़ानुमाँ ही का धुआँ हूँ
फिर उस के बाद रस्ता क्या हो मुझ को सोचना है
अभी तक तो ख़बर है किस जगह पर हूँ कहाँ हूँ
किसी के हुक्म के ताबे' मुअ'य्यन रास्ते पर
जो रुक के दम भी ले सकता नहीं वो कारवाँ हूँ
मिरा माहौल मेरे वास्ते भी अजनबी है
मैं इक कच्ची गली के मोड़ पर पुख़्ता मकाँ हूँ
मुझे उस की नज़र से देख कर ये जानना है
यक़ीं हूँ या यक़ीं के आइने में भी गुमाँ हूँ








