तुम ख़राब कहते हो अच्छे मौसम को

यश मालवीययश मालवीय18 Sept 1962

1 min read · 12.4K reads

बरस रहा है पानी

अच्छा मौसम है

तुम ख़राब कहते हो

अच्छे मौसम को,

बेईमान कहते हो सच्चे मौसम को

देखो जब तक बरस रहा है पानी

तुम हो पास और कुछ बिसरी बातें हैं

बातों की भी लगातार बरसातें हैं

हवा उड़ाती फिर भी बादल छाते हैं

सीधे रस्ते, उल्टे छाते गाते हैं

आँखों में गंगा-जमुना की लहरें हैं

नाव जानती है ये रिश्ते गहरे हैं

बरस रहा है पानी

अच्छा मौसम है

तुम ख़राब कहते हो

अच्छे मौसम को,

बड़े हो रहे से इस बच्चे मौसम को

एक परिंदा बैठ कलश पर मंदिर के

देख रहा डूबती सीढ़ियाँ, चढ़ता पानी

पन्ना-दर-पन्ना बढ़ती ख़ामोश कहानी

आपस में घुल मिल जाती है बोली बानी

लहराते हैं दूर-दूर तक सपने धानी

सँजो रही हैं सपनों को दो जोड़ा आँखें

तट पर झुकी शाख़, शाख़ों पर खुलती पाँखें

बरस रहा है पानी

अच्छा मौसम है

तुम ख़राब कहते हो

अच्छे मौसम को,

खट्टे-मीठे, पक्के-कच्चे मौसम को।

यश मालवीय
About the poet

यश मालवीय

View profile & all 25 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like