...चिट्ठी मगर उदासी की

यश मालवीययश मालवीय18 Sept 1962

1 min read · 12.4K reads

उतरी-उतरी-सी सूरत है

पूरनमासी की

रंगों भरा लिफ़ाफ़ा

चिट्ठी मगर उदासी की

बीती तारीख़ों की

छिलका-छिलका छायाएँ

हम इनमें अपने को कैसे

थोड़ा भी पाएँ

अपने सहज वेग बिन बहती

गंगा काशी की

लौ देती आँखों में

ठहरी हुई नमी-सी है

शब्द-शब्द में जैसे कोई

बर्फ़ जमी-सी है

रह-रह याद आ रही

हर इक बात प्रवासी की

ठहरा हुआ समय भी

अक्सर सपना होता है

बारिश को भी, कड़ी धूप में

तपना होता है

पीर कहें क्या बीच राग में

उभरी खाँसी की।

यश मालवीय
About the poet

यश मालवीय

View profile & all 25 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like