ऊँची सियासत और कश्मीर - उमेश पंत

उमेश पंतउमेश पंत20 Sept 1988

5 min read · 12.4K reads

ऊँची सियासत ने की
बड़ी ग़लतियाँ
और कश्मीर
कश्मीर हो गया ।

दिखाए गए
धरती पर स्वर्ग के सपने
पर स्वर्ग बन पाने की सभी शर्तें
दमन की क़ब्र में दफ़ना दी गईं ।

पीने लगे कश्मीरी
आज़ादी के घूँट
फूँक-फूँक कर ।
देखने लगे आज़ादी के
तीन थके हुए रंग ।
ढोते हुए आज़ादी को
किसी बोझ की तरह ।

फीका लगने लगा गुलमर्ग
संगीनों के साये में ।
लगने लगा सुर्ख
डलझील का पानी ।

बर्फ़ की सफ़ेदी के बीच
पसरता रहा स्याह डर ।
दबती रही चीख़ें पर्वतों के बीच
सिकुड़ती रहीं औरतें
अपने घरों में ।

दो पाटों के बीच
पिस जाने की परम्परा
बनने लगी
कश्मीरियत ।

तय करता रहा लोकतंत्र
कश्मीर की इच्छाएँ
अपने नज़रिये से ।
जीता रहा कश्मीर
गुलामी के लोकतंत्र में ।

ये एक भीड़ का दर्द है
या जन्नत की हक़ीक़त
हिन्दुस्तान की धरती पर
दिल को कचोटती
गूँज रही हैं कुछ आवाज़ें
जीवे-जीवे पाकिस्तान ।
उमेश पंत
About the poet

उमेश पंत

View profile & all 19 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like