रोशनी सड़कें - उमाशंकर तिवारी

उमाशंकर तिवारीउमाशंकर तिवारी

4 min read · 12.4K reads

रोशनी, सड़कें सभी
अच्छी लगें-
शहर को ऊँची
जगह से देखिए ।

शहर यह कोणार्क के
मानिन्द है
आग पर्वत की,
सुबह की रोशनी
सिन्धु घाटी की
पताकाएँ लिए
सात मंज़िल तक
गया है आदमी
फैलते आकाश-सा
सागर लगे
लहर को उल्टी सतह से
देखिए ।

उग न आए फिर कहीं
जंगल कोई
चौकसी रखिए
दरोदीवार पर
कंठ-भर पी जाइए
मीठा ज़हर
आँख रखिए
वक़्त की मीनार पर
और कोई तो पचा सकता नहीं
ज़हर को
सबकी वज़ह से
देखिए ।

तीन सागर तीन
जलसाघर यँहा
पत्तनों की बाढ़
चंपा द्वीप तक
झालरें आकाश-द्वीपों की
टँगीं
झिलमिलाहट
रेत, मछली, सीप तक
फिर किसी जलदस्यु का
ख़तरा न हो
इस नगर को नागदह से,
देखिए ।
उमाशंकर तिवारी
About the poet

उमाशंकर तिवारी

View profile & all 18 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like