रचिए-रचिए अंबरचुंबी मंदिर,
चुनिए ऊँचे महल, मीनारें!
मढ़िए स्फटिक-से, टाँगिए बीच में झाड़-फानूस,
जल के फव्वारे उड़ाइए रंगभरे।
रचिए चंदनवाटिकाएँ,
गोल गहरे खिंचाइए नवरंग गुम्बद
और कितने ही क्रीड़ांगण, चंद्रशालाएँ
रचिए अवश्य!
हृदय को रुद्ध करती शिला को
सहेगा कैसे भविष्य दीर्घकाल तक?
कोटि-कोटि जिह्वाओं में फैलती
भूखे जनों की जठराग्नि जगेगी
दरिद्र की वह उपहास-लीला समेटने को;
खंडहरों की भस्मकनी भी नहीं मिल पाएगी!








