रात दिन रट रहा हूँ!
जानता नहीं नाम!
स्वप्न में देता हूँ आश्लेष
नहीं है पूरी पहचान!
बहुत देर तक बातें करता रहूँ
और फिर भी
अभी तक पूरी तरह नहीं पहचानता तेरी आवाज़!
तेरी मीठी साँसों की धड़कनों से
जी रहा है यह हृदय,
फिर भी नहीं स्पर्श कर पा रहा
तेरी ऊष्मा!
खींचा जाता हूँ
तेरी नसों की नवरक्त ज्योति से;
नहीं झाँका है अभी तक तेरी पलकों के पीछे!
और, कहीं किसी दिन फिर मिलेंगे ही जब
एकांत में डूबेंगे बातों के रस में
जब हृदय हृदय पर ढलकर पूछेगा मूक :
“है ख़्याल कैसी तू मुझे रही थी सता?”
जानता हूँ मैं, तू हँसकर कहेगी—
“सब कुछ जानती हूँ”
किंतु आज यहाँ क्या हो रहा है
वह तो मैं ही जानता हूँ।








