फैन्सी ड्रेस

उदयन ठक्करउदयन ठक्कर

1 min read · 12.4K reads

हम स्कूल के दोस्त मिले आपस में,

चालीस बरस बाद

फैन्सी ड्रेस की पार्टी में।

कोई बना मियाँ फुसकी, कोई तभा भटट्,

नट्टू बना हेडमास्टर, सुजाता सिण्ड्रेला

मैं बना कुबड़ा राक्षस।

मेकअप ज़्यादा किया नहीं था, हालाँकि!

याद है वो बाथरूम? पहले माले पर?

दीवार पर खींची थी सीधी लक़ीर और लिखा था :

‘जिसका भी फ़व्वारा यहाँ तक पहुँचे,

सीधा जाकर फायर-ब्रिगेड में नौकरी करे।’

और वो नट्टू! मास्टरजी ने कैसी ज़ोरदार डाँट पिलाई थी उसे,

“क्यों,रे! कॉपी कैसे छोड़ दी?”

नट्टू ने भी बेबाक कह दिया था, ‘‘सर! ब्लैक-बोर्ड पर आपने जो

भी लिखा था, सब मैंने ज्यों-का-त्यों उतारा था।’’

“फिर? कॉपी कोरी कैसे?”

“सर! लास्ट में आपने ब्लैक-बोर्ड को साफ़ जो कर दिया था!”

नट्टू कोकाकोला की बोतल दाँत से खोला करता था

आज हँसता है, डेण्चर बाहर निकल आते हैं।

दुष्यंत गिनती और पहाड़े कैसे बोलता था फर्र-फर्र!

आज ख़ुद का नाम भी याद नहीं रहता!

सुजाता मुस्कुराती, तो शहनाइयाँ गूँजतीं।

आज जस-की-तस कुँआरी बैठी है।

हर्ष था हाई-जम्प चैम्पियन!

कूदा धड़ाम से नवीं मंज़िल से।

मेनका अपने ब्लाउज़ पर पहनती थी तितली का ब्रॉच,

उसका अब एक ही स्तन है।

आधी रात तक चली थी हमारी फैन्सी ड्रेस पार्टी।

सबने पहन रखा था अपना बचपन और

दिखा दिया था ठेंगा मृत्यु को!

उदयन ठक्कर
About the poet

उदयन ठक्कर

सुपरिचित गुजराती कवि-लेखक।

View profile & all 7 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like