यह संवादों का पितृपक्ष है
भावों का खलमास
शब्द स्थूल हैं जहाँ जगत सूक्ष्म
हम मिले अदेह के वायवीय उत्सव में
शब्दकाय
जगत का मांस गल कर गैस बन जाता है जहाँ
उस देस में दोस्त
शब्द मात्र ही थे हम
एक शब्द दूजे मन में उतरता था
दूजा शब्द रूठा-रूठा रहता था
शब्द ही स्वप्न था, शब्द ही भय, वही कुंठा
वही अस्तित्व
शब्दावतार था वह हमारा
झनक खनक और अपने भोथरेपन से
लज्जित-सुसज्जित
हमें अधूरा-अधूरा ही व्यक्त करता हुआ
शब्द थे इंक़लाब
लिपि में क़ैद कोलाहल था
वही
वही राग-द्वेष प्रीत-प्रपंच
जिसमें अपने आयतन से मुक्त हुआ आदमी था
यह मन का खेल था बंधु
जो रक्तचाप में रिस आया है
चित्त की आवारा हुई छातियाँ
अपने शब्दावतार का प्रचंड नर्तन बन गई हैं
लेकिन, आवरण है यह सिर्फ़
हमारे प्रक्षेपों-विक्षेपों का
हमारी उछाह का एक अघटित
आयाम
जिसमें
शब्द लड़कपन थे
हमारी अधेड़ देहों के छूटे हुए
पॉपकार्न के पैकेट्स
हमारी छूटी रह गई टॉफ़ी थे शब्द
शब्द जो भी थे
हम नहीं थे
वे लड़ मरे फिर एक बार
मैं कचरा बीनते दो बच्चों को लड़ते देखता हूँ
मुझे कचरा बीनते दो शब्द लड़ते नज़र आते हैं
हताश नहीं होता
उनकी कट्टिस पर
मुस्कुराता हूँ मंद-मंद
शब्दावतार के बालपन पर
उनकी वर्चुअल कट्टिस पर।








