कब जहाँ से है दुश्मनी मेरी
जंग कोई है दाख़ली मेरी
इक मुकम्मल ग़ज़ल है मेरा वजूद
हर सू फैली सुख़न-वरी मेरी
तुझ से मिलने का कब ये मतलब था
बात पहुँचे गली गली मेरी
हाल अंदर का जानता है वो
दिल ही करता है मुख़बिरी मेरी
ख़ुद मुक़ाबिल हूँ अपनी हस्ती के
यही ता'ज़ीर है बड़ी मेरी
अपने दामन को भर लिया उस ने
मुश्तहर कर के मुफ़लिसी मेरी
तू ने सोचा तो आ गई हूँ मैं
उम्र है किस क़दर बड़ी मेरी
मेरी पलकों से बह रही है 'सदफ़'
क़तरा-क़तरा ये ज़िंदगी मेरी








