दिल जिस वक़्त अकेला होगा
तेरी याद में डूबा होगा
पहले-पहल ये कब सोचा था
तू मुझे इतना प्यारा होगा
हर-सू ख़्वाब-नगर में इक दिन
तेरी याद का पहरा होगा
चाँदनी रात में चुपके चुपके
कोई झील में उतरा होगा
यादों के सहरा में कल फिर
बादल टूट के बरसा होगा
दिल का क्या है दिल दीवाना
तेरे ध्यान में खोया होगा
दरवाज़े पर दस्तक सुन कर
मेरा सोच के दौड़ा होगा
मैं भी रात को सो नहीं पाई
सखियो वो भी जागा होगा
अपने दिल का हर इक जज़्बा
ख़त में उस ने लिक्खा होगा
सोच रही हूँ किन आँखों में
मुस्तक़बिल का सपना होगा
उस पर होगा तेरा जादू
जिस ने तुझ को देखा होगा
आज 'सदफ़' मैं बेहद ख़ुश हूँ
आज उस से फिर मिलना होगा








