तू ने देखी हैं फ़क़त मेरी ये हँसती आँखें
और हँसती हुई आँखों में शगुफ़्ता बातें
तू कभी आँख में रक्खी मिरी बरसात भी देख
मेरे अश्कों में छुपी हिज्र की इक रात भी देख
तू ने चाहा है कि मैं ख़्वाब बनूँगी तेरा
तू ने देखा है फ़क़त फूल सा पैकर मेरा
तू ने देखा ही नहीं फूल बिखरता भी है
तुझ को मालूम नहीं बाग़ उजड़ता भी है
अपने वा'दों का ज़रा आप ही तुम पास करो
मेरे ग़मनाक से लम्हों का भी एहसास करो








