दिल को वहम-ओ-गुमान होता है
जैसे आवाज़ तुम ने दी मुझ को
रूह पर दे रहो हो तुम दस्तक
चौंक जाती हूँ मैं अचानक से
भारी है सुब्ह शाम गुम-सुम सी
रात भी ख़ौफ़नाक लगती है
सूना-पन और सिर्फ़ मायूसी
चीख़ उठती है मेरी ख़ामोशी
देखती रहती हूँ वो तस्वीरें
क़ैद इक उम्र जिन में है अपनी
नक़्श रह रह के कुछ उभरते हैं
रक़्स माज़ी का जारी रहता है
वो जो गुज़रे थे साथ में लम्हे
मेरी तन्हाइयों पे हावी हैं
चंद उलझे हुए सवाल लिए
तेरी यादें तिरे ख़याल लिए
रात-दिन रौनक़ें थी महफ़िल थी
एक एक लम्हा एक मंज़र था
आज कैसा मक़ाम आया है
ज़िंदगी थम गई यहाँ आ कर
सारी दिलचस्पियाँ तमाम हुई
हो गए फीके रंग दुनिया के
सारे बदले हुए नज़ारे हैं
हम भी क़िस्मत से कैसा हारे हैं








