कुछ थम-सी गई है
सरपट भागती हुई रेलगाड़ी
जो कि चली आ रही है दूर दिल्ली से
हो सकता है यह ठहराव विनय हो लोहे का
दिल है आख़िर
वह कहीं भी ढूँढ़ लेता है धड़कने का सबब
धमक से टूटी है जल की एकाग्रता
सहसा चौकन्ने हो गए हैं जलचर-थलचर
ऊपर आसमान में उड़ते पाखी भी
अपलक निहार रहे हैं रोज़ाना का देखा हुआ दृश्य
और ख़ुश हो रहे हैं बिना बात
यह दुपहर है सर्दियों की
कुछ सकुचाता हुआ खिला है घाम
शीत और पाले से ठिठुरी हुई नदी को देखकर
पुल पर ठिठक गई है ट्रेन
मुसाफ़िरों की आँखें एकबारगी विलग हो गई हैं
मोबाइल के चमकदार स्क्रीन से
किसी चमत्कार की तरह
जल सबको सजल कर देता है
वह चाहे चंबल में हो
या कि हमारे तुम्हारे मन के बीहड़ में
जहाँ दौड़ते रहते हैं इच्छाओं के बाग़ी घोड़े दिन-रात।








