कल मिल गए ग. मा. मुक्तिबोध
अरे वही
जिनकी किताबों के बारे में
प्रतियोगी परीक्षाओं में पूछा जाता है प्रश्न।
रात थी थोड़ी अँधेरी
फिर भी सड़क दीख रही थी साफ़
जिस पर चलकर मुझे पहुँचना था अपने घर
थोड़ा सुस्ताने के लिए रुका
तो सीढ़ियों पर बैठे मिल गए मुक्तिबोध
उनके मुँह में दबी थी अधबुझी बीड़ी
और चेहरे पर लिपटा था तनाव।
यह एक तेंदू पत्ता गोदाम था
जिसकी सीढ़ियों पर पाए गए मुक्तिबोध
अँधेरे में शायद तलाश रहे थे दियासलाई
या फिर थोड़ी-सी आग।
मैं थकन से चूर था
मुझे चाहिए था थोड़ा आराम
सोचा था वे कुछ बोलेंगे
सुनाएँगे नाँद गाँव के हाल
पर वह चुप थे
मैं भी रहा मौन
हमारे बीच अँधेरे में गुम हुई भाषा
जिसे खोजने के लिए
आसमान में नहीं था टेढ़े मुँह वाला चाँद
या दियासलाई की एक तीली भर रोशनी।
अंदर शायद सो रहे थे तेंदू पत्ते
या जंगल की याद में थे ग़मगीन
बाहर कुछ भी नहीं आ रहा था
न शोर न सिसकी न ही खर्राटे
एक अजीब-सी शांति व्याप्त थी
जिसे भाषा की सीढ़ियों के सहारे
उतरना था कमल ताल में
अँधेरे में सिर्फ़ अँधेरा था
जिसके लिए दिए जा सकते थे विशेषण तमाम
मगर सब निरर्थक
सब बेकार
मुझे अपनी थकान उतारनी थी
और उन्हें चाहिए थी एक तीली भर आग
गोदाम में क़ैद थे
तेंदू पत्ती ढेर के ढेर
जिनके भीतर का जंगल सूख रहा था धीरे-धीरे
दूर कहीं से आ रही थी
किसी गाड़ी की आवाज़
मैं उठा
शायद कम हो चुकी थी थकान
मुक्तिबोध वहीं उठँगे रहे
किवाड़ से लगी साँकल और ताले से निरपेक्ष
अब नज़दीक आने लगी थी रोशनी
कानों तक पहुँच रही थी किसी गाड़ी की आवाज़
वह दुपहिया थी या चौपहिया
क्या पता
यह सब अँधेरे में हो रहा था
भाषा से परे भाव से दूर
गोदाम सीझते
तेंदू पत्तों ने भी महसूस की होगी
दो इंसानी देहों की आँच
पर वे किसे बताएँगे यही है सवाल
कल खँगालूँगा भाषा का गोदाम
अभी तो अँधेरे में सब चीज़ें हैं कालिख से भरपूर
और गाड़ी पर हो जाना है सवार।








