डर

सिद्धेश्वर सिंहSiddheshwar Singh

2 min read · 12.5K reads

वे जो कहते हैं कि वे नहीं डरते कभी
अक्सर डर जाते हैं नींद में
रात के अँधेरे में
कोई नहीं होता उनके पास
दिलासे के एक शब्द का उच्चारण करने के लिए।

वे दिन में भी डर जाते हैं
बेहद छोटी-छोटी मामूली समझी जाने वाली बातों से
अक्सर अपनी ही परछाई से
घबरा उठता है उनका उचटा हुआ जी
और भीड़ में से निकलकर कोई नहीं कहता
कि डरो मत हम हैं तुम्हारे आस-पास।

पता नहीं कि वे किस बात से डरते हैं?
वे देखते हैं हर चीज़ को उलट-पलट कर
परखते हैं हर भंगिमा का निहितार्थ
रेशे-रेशे उधेड़ देते है वाक्य का
फिर भी पता नहीं चलता
कि किस ध्वनि में किस आरोह-अवरोह में
आख़िर कहाँ किस ओर छिपा हुआ है डर।

उन्हें कमी नहीं किसी बात की
अगल-बग़ल लगा है सुख-सुविधाओं का अंबार
एक इशारे पर
दौड़ पड़ने को आतुर हैं अनगिनत मशीनी भृत्य
जुगतों के सहारे ऐसा जुड़ाव है सारे संसार से
कि एक क्षण का भी एकांत नहीं स्वयं के लिए।

वे एक सफल मनुष्य हैं इस समय के
बहुत गहरा नाता है
ऊँचाई और अकेलेपन का
सुना है शीर्ष पर नहीं होता किसी का संग-साथ
वहाँ नहीं होती इतनी जगह कि खड़ा हो सके कोई और
फिर भी
वहाँ पर भी
अपने टिकने लायक़ जगह बना ही लेता है डर।

सिद्धेश्वर सिंह
About the poet

सिद्धेश्वर सिंह Siddheshwar Singh

जन्म- ११ नवंबर १९६३ को ग्राम मिर्चा, जिला: गाजीपुर, उत्तर प्रदेश में जन्म। शिक्षा- एम.ए. हिंदी और हिंदी कथा साहित्य के आंदोलन विषय पर पी-एच.डी.। प्रकाशित कृतियाँ- विभिन्न पत्रिकाओं में कवितायें , कहानियाँ, समीक्षा , अनुवाद व आलेख प्रकाशित। विदेशी कविताओं के अ…

View profile & all 17 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like