ये रंग अब के फ़ज़ा में नया नया सा है
उजाड़-रुत में भी गुलशन खिला खिला सा है
उदास कोई यूँही तो कभी नहीं होता
कि उस के ज़ेहन में कुछ तो दबा दबा सा है
कमी नहीं है कोई ज़िंदगी में अब लेकिन
है कोई ज़ख़्म जो अब तक हरा हरा सा है
वो मेरा हाथ बहुत कस के थामना उस का
बता रहा है कि वो कुछ डरा डरा सा है
सभी से बज़्म में हँस हँस के मिल रहा है वो
जला रहा है मुझे या ख़फ़ा ख़फ़ा सा है
वो जिस के प्यार ने मुझ को बुझा दिया था कभी
शरारा बन के वो मन में दबा दबा सा है








