पर्वतों के बीच वो जो इक नदी थी
अक्स अपना मैं उसी में देखती थी
रंग मुझ पर एक भी चढ़ता नहीं था
सादगी भी क्या बला की सादगी थी
आह वो मुझ को किसी में देखता था
आह मैं उस को किसी में देखती थी
सिर्फ़ माज़ी कह के रुख़्सत हो लिए हम
क्या बताते क्या हमारी ज़िंदगी थी
तुम फ़क़त इस जिस्म तक ही रह गए न
मैं तुम्हें ख़ुद से मिलाना चाहती थी
चाँद सूरज तक मिरे आँगन में उतरे
ज़िंदगी बस एक तेरी ही कमी थी








