दिन कई दिन छुपा रहा जैसे
कोई उस को सता रहा जैसे
सुब्ह सूरज को नींद आने लगी
अब्र चादर उढ़ा रहा जैसे
एक आहट सी लग रही मुझ को
कोई पीछे से आ रहा जैसे
हम मुसाफ़िर हैं एक जंगल में
ख़ौफ़ रस्ता दिखा रहा जैसे
उलझा उलझा सा एक चेहरा ही
सौ फ़साने सुना रहा जैसे
क़ाफ़िला मेरा बढ़ गया आगे
मुझ को माज़ी बुला रहा जैसे








