सारी दीवारें
ढह गईं
ईंटों के गिरने की आवाज़ें
एहसास बन गईं
मेरा ज़रा-बक्तर
टुकड़े टुकड़े हो कर बिखर गया
और आँखें आज़ाद हो गईं
अम्र-ओ-नवाही के मआ'नी जानने के बा'द
अहकामों का राज़ खुला
बै'अत का मतलब समझ में आया
और
हाथ दुआएँ माँग उठे
मेरे ख़ून से शो'ले भड़के
तख़्त-ओ-ताज में आग लग गई
अहकाम सुनाने वाली
इंसानों को कोड़ों के बल पर
हर पल नाच नचाने वाली आवाज़
अब ख़ाइफ़ थी
अपने रब से अपने दिल से
क्या दीवारें
फिर सारे वजूद को ढक लेंगी
शायद
जब तक दिल महकूम रहेगा
आँखें आहन-पोश न होंगी








