मुज़्तर तिरी यादों में दीवाना रहा अक्सर
अन-जाना रहा अक्सर बेगाना रहा अक्सर
साइल की सदाएँ थीं या दोस्त कोई अपना
शब-भर तिरी आहट का अफ़्साना रहा अक्सर
हम पर भी नज़र उट्ठे हम से भी तकल्लुम हो
ख़ाली तिरी महफ़िल में पैमाना रहा अक्सर
शायद तिरी आँखों में अश्कों का चराग़ाँ है
गुम-सुम तिरी हस्ती में परवाना रहा अक्सर
किस दर्जा मोहब्बत से हर जा को सँवारा था
महरूम-ए-तमन्ना ही वीराना रहा अक्सर
उस दिल के समुंदर में हर सीप में मोती है
चाहत का मिरी इतना नज़राना रहा अक्सर








