मैं जो सोई हूँ मनों रेत तले
काश तू जान सके शाम ढले
मेरी आँखें तिरी आहट पे लगी रहती हैं
मेरा आँचल मेरी तरसी हुई बे-कल हस्ती
मेरी ममता तिरी राहों में बिछी रहती है
मैं बहुत ख़ुश हूँ तुझे देख के ऐ दिल के क़रार
तेरे चेहरे की चमक आज भी ताबिंदा है
तेरे लहजे में मिरा अक्स अभी ज़िंदा है
मैं जो सोई हूँ मनों रेत तले
आज तू ने जो मुझे फूलों की चादर दी है
मेरी तरसी हुई दुनिया में बहार आई है
शाम महकी है मोअ'त्तर सी घटा छाई है
काश तू जान सके ऐ मिरे दिल के टुकड़े
मैं जो सोई हूँ मनों रेत तले
तुझ पे अब क़र्ज़ है इन ज़ख़्मों को सहलाने का
मेरी नाकाम उमंगों का अकेला आँगन
तुझ से बहलेगा नहीं और कोई आने का
मेरी आँखों के दिए मेरी वफ़ाओं का सहर
तुझ को हर बार मिरे पास लिए आएगा
सारी दुनिया तुझे जानेगी मिरे होने से
मेरा परतव तिरी हस्ती में उतर जाएगा
काश तू जान भी ले ऐ मिरे दिल के टुकड़े
मैं जो सोई हूँ मनों रेत तले








