किसे ढूँढती है मोहब्बत किसी की
अदम पार है अब सुकूनत किसी की
गुज़ारी है उम्र-ए-रवाँ ख़्वाब जैसे
है ये राएगानी बदौलत किसी की
हैं कुछ ज़ख़्म जो मोतियों से जड़े हैं
कि फिर याद आई शबाहत किसी की
मैं छू आई सात आसमाँ कुछ ख़बर है
मगर दिल से निकली न हसरत किसी की
थी सदियों से इक मो'जिज़े की तमन्ना
मुझे रास आएगी सोहबत किसी की
मुझे ज़हर-ए-क़ातिल भी रास आ गया है
मुझे मार डालेगी हैरत किसी की
मैं कुछ कह न पाऊँगी ये जानती हूँ
अगर हो मयस्सर जो ख़ल्वत किसी की
फ़क़त चंद लम्हे मिले जुगनुओं से
किसी की रिफ़ाक़त में उजरत किसी की








