जो लम्हे बीत गए जानाँ क्यूँकर वो लौट के आएँगे
वो दिल जो टूट गए हमदम आख़िर कैसे जुड़ पाएँगे
अब सारी कोशिश रहने दो
और मुख़्तारी के सहरा में इक हिज्र की बंदिश रहने दो
जो नक़्श हवा के हाथ लगे ढूँडो तो कहाँ तक जाओगे
जाओ भी अगर क्या पाओगे बस एक तुम्ही थक जाओगे
हाथों की लकीरों की मेरे ख़्वाबों से साज़िश रहने दो
अब सारी कोशिश रहने दो
वो पहली कोंपल से अल्हड़ वो ताज़ा बर्फ़ों से जज़्बे
वो हर अंजाम से बे-परवा मासूम ग़ज़ालों से जज़्बे
अब इन जज़्बों की राख तले इस दिल की सोज़िश रहने दो
अब सारी कोशिश रहने दो
हम तार-ए-कफ़न से जज़्बों के कुछ नए इरादे बुन लेंगे
कुछ और तअ'ल्लुक़ बाँध के हम कुछ बातें कह लें सुन लेंगे
मरने तक ज़िंदा रहने की कोई गुंजाइश रहने दो
अब सारी कोशिश रहने दो








