मुझे मत इस तरह देखो
कि जैसे कोई दीमक से अटी लकड़ी को तकता है
किसी सुनसान कमरे के दर-ओ-दीवार पर लिक्खी हुई तन्हाई
पढ़ता है
खंडर से तार-ए-अंकबूत का रिश्ता समझने के लिए
ख़ुद से उलझता है
मुझे मत इस तरह रोओ
अचानक मौत पर जिस तरह रोते हैं अज़ीज़ों को
फ़लक पर टूटते तारों को जैसे चाँद रोता है
समुंदर ख़ाली सीपी के लिए जैसे तड़पता है
वो रस्ते
जो कि कतरा कर गुज़र जाते हैं मंज़िल से
वो सहरा जिन की वुसअ'त पर गुलिस्ताँ नाज़ करता है
वो सपने जो कि शर्मिंदा न हों ता'बीर के हाथों
उन्हें रोया नहीं करते








