जिस तरह मौत ज़िंदगी के लिए
दर्द वाजिब है 'आशिक़ी के लिए
अश्क अपने लिए समेटे हैं
और मुस्कान हर किसी के लिए
बन गया मक़बरा मोहब्बत का
अश्क निकले मुजाविरी के लिए
हम तो मक़्तल से लौट आए हैं
है सुहूलत किसी-किसी के लिए
अपना अपना चराग़ है सब का
कौन देता है रौशनी के लिए
आँख साइल है मुट्ठियाँ हैं बंद
ना-मुनासिब गदागरी के लिए
ख़ुद को ख़ुद ही बयान कर देना
ये भी मुमकिन नहीं सभी के लिए








