घर में है कुछ वस्तुएँ
उन्हें बचाए कौन?
जिन्हें घर की ज़रूरत है
वे कहाँ हैं?
घर इतने दिनों से बन बिगड़ रहा है
उसकी कुछ वजहें हैं
कहाँ है उनका औचित्य
घर इतने दिनों से
ख़ाली पड़ा है
सुरक्षा की ईंटें उखड़ रही हैं
बच्चों की ज़िद की तरह
उनका रचाव कहाँ है
प्रांगण में फैली धूप
काली हो रही है
आग, चूल्हा, रोटी आख़िर कहाँ बच पाया
राख होने से?
वर्षों बाद वह घर घास में दब गया
जिसे जंगल में खँडहर कहा गया
रहीं जो यादें बीती हुई
वे दादी की सुनी हुई कहानियाँ थीं
एक लंबे अंतराल के बाद
वह घर
बाढ़ की धार में बह गया
रेत जो थी
वे रेगिस्तान बन गई
क़रीब ढाईं हज़ार साल बाद
पुरातत्व विद्वानों ने
खोज निकाली एक जगह नई एकदम नई
कॉर्बन-चालीस ने कई महत्त्वपूर्ण जानकारियाँ दीं
मसलन बटुए में ताँबे के सिक्के
पुरानी-सी एक माला
और पत्थर की सफ़ेद डिबिया
कुछ गिन्नियाँ
और दादी का धुँधला-सा एक ऐनक
दादी का एक काला संदूक़
जिसमें थी
एक विचित्र-सी गंध
जो दादी की आत्मकथा थी
उनकी पतीली रखी हुई थी
जिसमें थीं दाल-रोटी और कच्ची अमियाँ
सब बसियाई हुई
यह है एक कहानी
वैज्ञानिकों की खोजी हुई।








