रात के सन्नाटे में, मैं
भविष्य के सुनहरे ख़्वाब
बुनने की कोशिश करता हूँ
कि अकस्मात एक स्त्री की
दर्द भरी आख़िरी चीख़ मैं सुनता हूँ
उस चीख़ से निर्मित
असंख्य डरावनी रातें
बिछी हैं मेरे तुम्हारे बीच
मैं यायावर हूँ
इसीलिए जानता हूँ कि
तुम तक पहुँचने से पहले ही
बीत जाएगी सारी मेरी उम्र
फिर कैसे बुन पाऊँगा सुनहरे ख़्वाब
फिर कैसे पहुँच पाऊँगा तुम तक
अभी भी बाक़ी हैं असंख्य डरावनी रातें
अभी भी एक स्त्री की
दर्द-भरी आख़िरी चीख़ मैं सुनता हूँ।








