कितना अच्छा हो
हम साथ हों
और तुम तुम रहो
मैं रहूँ मैं
दोनों हों दर्ज इतिहास में
पूरे वजूद के साथ
कुछ वैसे याद किए जाएँ हम रोज़मर्रा
जैसे
चौकी और बेलन
मेज़ और कुर्सी
सुई और धागा
ताला और चाबी
देखो
चौखट और पल्ले को
खेत और मेंड़ को
पतंग और डोर को
सच कहूँ तो
दाल-भात
मुझे दुनिया के सबसे सुंदर शब्द युग्म लगते हैं
कितने भिन्न
कितने अधूरे
और नहीं तो
चलो टकराएँ
जैसे गेंद और बल्ला
बार-बार दूर जाएँ
लौट-लौट पास आएँ
(और फिर एक ही किट बैग में
पैक हो जाएँ)
कितना अच्छा हो
मैं और तुम
मैं और तुम की तरह हों
और साथ हों








