माँ धीरे-धीरे जान गई थी
पिता की प्रेमिकाओं के नाम
जिन्हें छिपा रखा था पिता ने
पुरानी चिट्ठियों में
पढ़ी किताब के पन्नों पर
डायरी के बीच पड़े सूखे फूल के दाग़ में
छिटक पड़े थे कुछ नाम
घर के लोगों के मज़ाक़ से
रिश्तेदारों की दबी ज़बान से
जिन्हें आहिस्ते से माँ ने कानों में खोंस लिया था मोड़कर
माँ ने धीरे-धीरे जान लिया था
उन प्रेमिकाओं को भी
जिनके दिए फूल अभी मुर्झाए नहीं थे
जिनकी ख़ुशबू चिपकी हुई चली आती थी
अभी भी उनके साथ
पिता की कविताओं में तेज़ हो उठती थी
जिनकी साँसें कभी-कभी
माँ फिर भी करती रही हैं
पिता की देखभाल
साझा बिस्तर
उसने निभाए हैं सारे फ़र्ज़
जो उसकी माँ ने सिखाए
सिखाए सास और देयादिन ने
माँ पिता से करती है प्यार सचमुच
बस कभी-कभी तेज़ हो जाती उसके कमरे में
उसकी आवाज़
जिसे वह हमेशा दबाकर रखती है पिता के सामने
पिता ने एक पुरुष को मिले
सारे हुक्म चलाए हैं माँ पर
पिता ने कभी कोई थप्पड़ नहीं चलाया पर
जिसकी चटाक में
गूँजा हो किसी ग़ैर पुरुष के नाम का संदेह
मेरा प्यार
छोड़ गया है टूटकर मुझे अभी-अभी
वह अपने पति से करेगी मेरा ज़िक्र कभी
ऐसा नहीं सोच पाता हूँ
आजकल माँ को
जाने क्यों
ज़्यादा ध्यान से देखता हूँ
मैंने अभी-अभी
चुपके से पढ़ी हैं दुबारा
बक्से में बंद माँ की चिट्ठियाँ
जो उसने अपनी प्रिय सखी को लिखी थीं
शादी के बाद जिनसे वह कभी न मिल सकी
जो चिट्ठियाँ कभी भेजी न जा सकीं








