आप की रहबरी नहीं होती
ज़िंदगी ज़िंदगी नहीं होती
रू-ब-रू तुम से गर नहीं आते
दिल की धड़कन थमी नहीं होती
चाहे दरवेश वो क़लंदर हो
ख़्वाहिशों में कमी नहीं होती
ज़िक्र-ए-जानाँ न जिस में शामिल हो
बंदगी बंदगी नहीं होती
मुख़्तलिफ़ है मिज़ाज दोनों का
नस्र में शायरी नहीं होती
दिल के मारों को मिलती जो मंज़िल
तो यहाँ ख़ुद-कुशी नहीं होती
वक़्त रहते गले लगा लो तुम
प्यार में बे-रुख़ी नहीं होती
तुम अगर छोड़ कर नहीं जाते
ग़म-ज़दा ज़िंदगी नहीं होती
लाख कोशिश करूँ मगर 'रौशन'
दर्द-ए-दिल में कमी नहीं होती








