मुझे वो कैफ़ियत अपनी बताने क्यूँ नहीं आया
तुझे मा'लूम तो होगा ज़माने क्यूँ नहीं आया
वो सूरज है तो फिर उस के न आने का सबब क्या है
मिरे साए से मिलने के बहाने क्यूँ नहीं आया
मैं उस को खींचती ही रह गई लेकिन न आया वो
वो मेरा साँस था और साँस जाने क्यूँ नहीं आया
मिरी ख़ाली कलाई कह रही है ईद की शब को
वो अब तक चूड़ियाँ ले कर न जाने क्यूँ नहीं आया
बहुत दा'वा था उस को दिल की बाज़ी जीत जाने का
तो फिर इस खेल में मुझ को हराने क्यूँ नहीं आया
दरीचा खोल के कब से सरापा गोश बैठी हूँ
कोई मौसम तिरी बातें सुनाने क्यों नहीं आया
वो कहता था कि उस की गुफ़्तुगू है आइने जैसी
तो फिर चेहरा मिरा मुझ को दिखाने क्यूँ नहीं आया








