अकेला होना

Ravindra Swapnil Prajapatiरवीन्द्र स्वप्निल प्रजापति

1 min read · 12.6K reads

अकेलापन एक रूमाल है

जो मेरे हाथों से गिरकर अधखुले दरवाज़े पर पड़ा है

यादों के फ़र्श पर उसकी सलवटें धूल जैसी बन गईं

 

अकेलापन कमरे में भरी हवा में धुला है

मैं आकर अपने फ्लैट पर साँस लेता हूँ

 

तुम अकेले होने को सहेजती हो कहीं और

काला और सफ़ेद मौसम बादलों की तरह

पूरे शहर पर छा जाता है

 

तालाब में चमकती लाइटों की तरह बने

हमारे कंट्रास को दुनिया देखती है

तुम प्यार करके कोई पागल लड़की नहीं बनीं

 

जैसा यह दुनिया सोचती और कहीं कहती भी है

अकेलेपन के पहिए में तुम अपनी धुरी पर घूमती पृथ्वी हो

मैं भी घूम रहा हूँ तुम्हारे साथ पूरा सामान लिए

 

दर्शकों को पता नहीं चल रहा कि हमारा घूमना सापेक्ष है

लगातार चलते हुए अकेला होते चला जाना

अकेला होना सिर्फ़ अकेला होना नहीं होता

 

अकेलापन एक हवा जैसा कोई आकर है जिसमें

एक साँस तुम लेती हो और एक साँस मैं लेता हूँ।

Ravindra Swapnil Prajapati
About the poet

Ravindra Swapnil Prajapati रवीन्द्र स्वप्निल प्रजापति

जन्म : १५ जून १९७०, भोपाल में। शिक्षा : एम. ए. (हिंदी), बी. एड. फिल्म स्क्रिप्ट रायटिंग में डिप्लोमा। कार्यक्षेत्र : ६ साल तक अध्यापन के बाद अब राज एक्सप्रेस हिंदी में उपसंपादक। अनेक कहानियाँ, कविताएँ और आलेख पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित।

View profile & all 12 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like