उन के बग़ैर कैसे भला शब बसर करें
ख़्वाबों में आएँ वो कि ज़रा शब बसर करें
पर्दा उठा हिजाब उठा कोई बात कर
सोए हुए बदन को जगा शब बसर करें
तू नींद है चराग़ है तू दिल का चैन है
तेरे बग़ैर कैसे भला शब बसर करें
चुप-चाप एक दूसरे को देखते हैं हम
ऐ चाँद कोई बात बना शब बसर करें
करती हूँ मैं भी जिस्म जलाने का फ़ैसला
तू भी मगर चराग़ बुझा शब बसर करें
जब ज़िंदगी अज़ाब की सूरत हो हिज्र में
इस हालत-ए-ख़राब में क्या शब बसर करें
'माहीन' कह रहा है मिरा यार-ए-बेवफ़ा
दिल के दिए की लौ को बढ़ा शब बसर करें
इक उम्र हो गई है बसर शब किए हुए
'माहीन' रूठा यार मना शब बसर करें








