याद के दरीचे - नज़्म

रशीद हसरतरशीद हसरत

1 min read · 12.4K reads

इधर तेरे कूचे से मेरा गुज़र

बहाने से वो तेरा ले जाना घर

ज़माना लड़कपन का रंगीन था

कि तू शे'र-ओ-नग़मे का शौक़ीन था

बड़ी देर तक सिलसिला-ए-सुख़न

मिरी शख़्सियत मेरा अंदाज़-ए-फ़न

सराहा किया तू जो अशआ'र को

तशफ़्फ़ी हुई तेरे फ़नकार को

यहीं से जुड़ा सिलसिला-ए-हयात

बदल सी गई थी मिरी काएनात

अजब दर्द सीने में पलता रहा

दिया सा हवाओं में जलता रहा

बिला-वज्ह फिरना गली में तिरी

कि थम कर वहीं रह गई ज़िंदगी

वो कोहसार वो बर्फ़ पर चाँदनी

उधर चाँद चढ़ता इधर चाँदनी

वो तन्हाइयाँ दर्द का वो सफ़र

तसव्वुर में मैं ग़र्क़ था सर-बसर

अचानक जो तू ने नज़र फेर ली

दुखों की मिरे दिल को जागीर दी

कहीं और जा ख़ुद बसेरा किया

इधर दिल में आहों ने डेरा किया

जो इज़हार को मेरी आँखों में थे

वो जुगनू तो मिट्टी में जज़्ब हो चुके

कहो कुछ मिरी याद आती भी है

ख़लिश दिल की तुझ को सताती भी है

मिरे चार-सू है उदासी मुहीत

कहूँ किस तरह मैं वो पहले से गीत

असर कुछ भी शे'रों में बाक़ी नहीं

वही बज़्म है पर वो साक़ी नहीं

जो गुज़रे कभी तुझ को मेरा ख़याल

नज़र दिल-गिरफ़्ता पे तू आ के डाल

ज़माना हुआ तेरे दर्शन किए

बहुत चाक सीने के मैं ने सीए

किसी तौर अब दिल बहलता नहीं

घड़ी-भर को भी चैन मिलता नहीं

सनम कोई मिलने की तदबीर कर

मुआ'फ़ अब मिरे दिल की तक़्सीर कर

रशीद हसरत
About the poet

रशीद हसरत

View profile & all 31 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

ये दरवेशों की बस्ती है यहाँ ऐसा नहीं होगाये दरवेशों की बस्ती है यहाँ ऐसा नहीं होगालिबास-ए-ज़िंदगी फट जाएगा मैला नहीं होगा— मुनव्वर रानाचले मक़्तल की जानिब और छाती खोल दी हम नेचले मक़्तल की जानिब और छाती खोल दी हम नेबढ़ाने पर पतंग आए तो चर्ख़ी खोल दी हम ने— मुनव्वर रानाकुछ नहीं चाहने वाली लड़कीसोलह की यह लड़की दो-तीन साल पहले तकपेड़-पौधों पर रखती थी पाँव— ऐश्वर्य राजआंबेडकर“तुम्हारे दीन मुखों को देखकरकरुणा भरे स्वरों को सुनकर— बी. गोपाल रेड्डीमेरा और मेरी पृथ्वी का(लंबी कविता के कुछ अंश)वैसा ही हूँ, दुख मेरी गोद का बच्चा, बार-बार— हीरेन भट्टाचार्यतालाब-1मैं क्षिति तल परतुम्हारे सुख-दुख का— ब्रजरतन जोशी