ज़रा सी बाप मिरा क्या ज़मीन छोड़ गया
हैं सात बच्चे तो अज़वाज तीन छोड़ गया
मुझे मिले तो मैं उस नौजवाँ को क़त्ल करूँ
जो बद-ज़बाँ के लिए नाज़नीन छोड़ गया
रहा जो मुफ़्त ये हुजरा दिया सजा के उसे
मकाँ कुशादा था लेकिन मकीन छोड़ गया
पिलाया दूध भी और नाज़ भी उठाए मगर
कमाल साँप था जो आस्तीन छोड़ गया
पलट तो जाना है हम सब को एक दिन यारो
मगर वो शख़्स जो यादें हसीन छोड़ गया
मैं अपनी तल्ख़-मिज़ाजी पे ख़ुद हुआ हैराँ
गया वो शख़्स तो लहजा मतीन छोड़ गया
अभी की हक़ ने अता की है कल की देखेंगे
अब ऐसी बातों पे काहे यक़ीन छोड़ गया
वो एक जोगी जो नागिन की खोज में आया
हुआ कुछ ऐसा कि वो अपनी बीन छोड़ गया
सिला ख़ुलूस-ओ-अक़ीदत का माँग सकता था
जो एक शख़्स ज़मीं पर जबीन छोड़ गया
ख़ुदा का ख़ौफ़ नहीं वायरस का था ख़दशा
जिसे भी मौक़ा मिला है वो चीन छोड़ गया
कोई मज़े से मिरा खेल देखता था 'रशीद'
मगर जो देखने वाला था सीन छोड़ गया








